Bhiwani News: बरसाती पानी निकासी के लिए डीसी साहिल गुप्ता ने की अधिकारियों की जवाबदेही तय
भिवानी, 9 अगस्त। सात व आठ को भारी बरसात से शहर में विभिन्न क्षेत्रों में बनी जलभराव की स्थिति बनने और पानी की निकासी सही ढंग से नहीं होने के चलते डीसी साहिल गुप्ता ने पानी निकासी को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शहरी स्थानीय निकाय और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की जवाबदेही तय की है।
डीसी ने अधिकारियों की जिम्मेवारी सौंपते हुए चेतावनी दी कि वे किसी प्रकार की लापरवाही ना बरतें। बरसात के दौरान सभी डिस्पोजल व पंपसेट-मोटर चालू हालत में हों। बरसाती पानी निकासी के नालों की सफाई दुरूस्त की जाए। डीसी अधिकारियों को स्पष्टï निर्देश दिए हैं कि वे बरसाती पानी की निकासी में एक-दूसरे में कमी निकालना या जिम्मेवारी बताना बंद करें। अपने-अपने विभाग का काम गंभीरता से करें।
उल्लेखनीय है कि सात व आठ अगस्त को भारी बारिश के चलते शहर में विभिन्न क्षेत्रों में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया था। पानी निकासी के लिए डीसी के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, नगर परिषद अधिकारियों को साथ लेकर शहर का दौरा किया था और पानी की निकासी के साथ-साथ नालों की सफाई, पानी निकासी के लिए पंपों की उपलब्धता, ड्रेनेज सिस्टम की क्षमता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ क्षेत्रों में नालों की सफाई एवं पानी निकासी व्यवस्था में कमियां सामने आईं।
डीसी साहिल गुप्ता द्वारा किए गए मौका निरीक्षण के बाद जारी आदेशानुसार सेक्टर-13, की पूरी मार्केट में करीब एक से 2 फीट पानी में डूबा हुआ पाया गया। यहां पानी की निकासी के लिए लगाए गए दो मोटर पंप खराब पाए गए और कार्यशील स्थिति में नहीं थे। एस्टेट ऑफिसर, एचएसवीपी द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की गई और वे मौके पर उपस्थित भी रहे। इस क्षेत्र में जल निकासी की प्राथमिक जिम्मेदारी एचएसवीपी इंजीनियरिंग विंग की है। डीसी ने एसडीओ एचएसवीपी अनूप सिंह तथा जेई एचएसवीपी करुण की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
डीसी ने शिव नगर (नगर परिषद क्षेत्र) में निरीक्षण के दौरान पाया कि यहां नालों की सफाई ठीक प्रकार से नहीं होने तथा बरसाती पानी की निकासी का ड्रेनेज सिस्टम सही नहीं था, जिसके कारण तीन से चार घंटे तक जलभराव एवं पानी के ठहराव की स्थिति बनी रही। निरीक्षण में दोनों संबंधित विभागों के इंजीनियरिंग विंग के बीच समन्वय की कमी भी सामने आई। इस क्षेत्र के लिए नगर परिषद भिवानी के ईओ राजा राम, जेई आबिद, एसई पीएचईडी सुनील रांगा तथा एक्सईएन पीएचईडी सूर्यकांत को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार से कमला नगर/बावड़ी गेट (नगर परिषद क्षेत्र) में भी नालों की सफाई व्यवस्था सही नहीं मिली, जिससे पानी निकासी सही ढंग से नहीं हो पाई और जलभराव होने से मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ। इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान पानी की निकासी के लिए पर्याप्त पंप उपलब्ध नहीं थे, जिसके कारण पानी को नालों और आसपास के क्षेत्रों में निकालने में परेशानी हुई। डीसी ने इस क्षेत्र के लिए भी ईओ नगर परिषद राजा राम, जेई एमसी आबिद, एसई पीएचईडी सुनील रांगा तथा एक्सईएन पीएचईडी सूर्यकांत को बरसात के दौरान पानी निकासी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी प्रकार से डीसी ने एमसी कॉलोनी/रोहतक गेट क्षेत्र में भी अतिरिक्त पानी की निकासी को लेकर स्थिति का निरीक्षण किया गया, जिसमें नालों में अतिरिक्त पानी तथा आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति मिली। यहां पर पानी निकासी के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विशेष कार्य योजना बनाने, पानी निकासी की निरंतर निगरानी की आवश्यकता की जरूरत पाई गई। डीसी ने ईओ नगर परिषद राजा राम, जेई एमसी आबिद, एसई पीएचईडी सुनील रांगा तथा एक्सईएन पीएचईडी सूर्यकांत को निर्देश दिए हैं कि यहां बरसात के दौरान पानी निकासी निर्बाध रूप से हो।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की नियमित सफाई, डिस्पोजल सिस्टम की पर्याप्त क्षमता, पंपों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी जमा न हो तथा जहां जलभराव की स्थिति बने, वहां तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी करवाई जाए।
