Bhiwani News: एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
भिवानी, 11 अगस्त। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने मुख्य 15 एजेंडों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के साथ-साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत व राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों को मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के बारे में जागरूक करें और उनका संबंधित पोर्टल पर आवेदन करवाएं, ताकि निर्धारित फीस देकर मालिकाना हक पा सकें।
एडीसी ने बैठक में मेरी सडक़, समाधान पोर्टल, प्लांटेशन ड्राइव, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए ग्राम सभा, इनकम वैरिफिकेशन (पीपीपी), स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, विकसित भारत वी राम जी, सीएम विंडो, समाधान शिविर, जन संवाद, आंगनवाड़ी केंद्रों में बीएसएनएल कनेक्शन, एचआरपीएमएस, सीएम अनाउंसमेंट, एचएसआरएलएम (डेयरी) तथा लेखा-जोखा पोर्टल और ओएसआर आदि एजेंडों की विस्तार से समीक्षा की।
एडीसी श्री करवा ने सडक़ निर्माण से संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे सडक़ों का सही ढंग से रखरखाव करें। वहीं समाधान शिविर, सीएम विंडो और जन संवाद के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। लंबित शिकायतों पर संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखें।
उन्होंने प्लांटेशन ड्राइव की समीक्षा के दौरान पौधारोपण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इनकम वेरिफिकेशन (पीपीपी) से संबंधित कार्यों में तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों का सत्यापन समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों में स्वच्छता व्यवस्था एवं अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। एडीसी ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने सीएम अनाउंसमेंट से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। इसके अलावा एचएसआरएआरएएमएमओ (डेयरी), लेखा-जोखा पोर्टल और ओएसआर से संबंधित कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की।
एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
स्वच्छ भारत योजना की समीक्षा करते हुए एडीसी ने निर्देश दिए कि गांवों से होकर गुजरने वाले स्टेट व नेशनल हाईवे पर सभी ब्लॉक कोर्डिनेटर अपने गांवों की सफाई करवाये। गांवों को स्वच्छ रखने के लिए डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली लगी हैं, उनका अच्छे से संचालन हो। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी सीएससी सेंटर एसआईआर के तहत आने वाले फार्म नम्बर छह, सात व आठ को न लें, ये प्रक्रिया बीएलओ के द्वारा ही अमल में लाई जा रही है।
बैठक में डिप्टी सीओ रविंद्र दलाल, एक्सईएन पंचायती राज संभव जैन, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, भिवानी बीडीपीओ नवीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
