शिविरों में पात्र लाभार्थियों को मौके पर किया जा रहा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

 
 शिविरों में पात्र लाभार्थियों को मौके पर किया जा रहा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ

 सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविर :- उपायुक्त सतबीर सिंह
- गांव बनियानी में आयोजित किया गया सेवा सेतु शिविर
-
- नागरिक सेवा सेतु शिविरों का उठाएं भरपूर लाभ
- आगामी 15 अक्तूबर 2026 तक निर्धारित स्थलों पर आयोजित होंगे सेवा सेतु शिविर
रोहतक, 5 अक्तूबर : उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत खंड स्तर, नगर निगम स्तर पर सेवा सेतु अभियान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से क्रियान्वित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की सेवाओं का मौके पर लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। यह शिविर 15 अक्तूबर 2026 तक लगाए जाएंगे।
सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत आज जिला के गांव बनियानी में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का मौके पर पंजीकरण कर लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के सेवा सेतु मॉड्यूल के तहत यह शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित खंड के नागरिकों का आह्वान किया है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का भरपूर लाभ उठाए। सांपला नगरपालिका के नागरिकों के लिए 6 अक्तूबर को सांपला स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा। सांपला खंड के नागरिकों के लिए 7 अक्तूबर को सांपला स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, 8 अक्तूबर को गांव-इस्माईला स्थित शिव मंदिर के साथ वाली चौपाल (इस्माईला-9बी) तथा 9 अक्तूबर को खरावड़ स्थित चौपाल में सेवा सेतु शिविर आयोजित होगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि महम नगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों के लिए 12 अक्तूबर को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी तरह महम खंड के नागरिकों के लिए 13 अक्तूबर को महम स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, 14 अक्तूबर को गांव मोखरा स्थित चौपाल (पाना खांडयान) तथा 15 अक्तूबर को गांव-फरमाणा स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया जाएगा।