आयुर्वेदिक अनुभवी चिकित्सक समाज समिति ने आरएमपी व पदाधिकारियों को किया सम्मानित

 
आयुर्वेदिक अनुभवी चिकित्सक समाज समिति ने आरएमपी व पदाधिकारियों को किया सम्मानित

सिरसा।

आयुर्वेदिक अनुभवी चिकित्सक समाज समिति के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज स्थानीय युवक साहित्य सदन में प्रदेश कमेटी के तत्वावधान में एक भव्य स्थापना वर्ष समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान समिति की ओर से भगवान धन्वंतरि दिवस मनाया गया और उपस्थित सभी चिकित्सकों व पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को धनतेरस की हार्दिक बधाई दी। इस विशेष कार्यक्रम के दौरान जिला सिरसा कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध चिकित्सक साथियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दीपक बिश्नोई और हिसार से विशेष अतिथि के रूप में डॉ. दरिया सिंह ढाका ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला ने की, जबकि समिति के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल वर्मा ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह के दौरान वक्ताओं ने समिति की 10 वर्षों की संगठनात्मक यात्रा, उसकी प्रमुख उपलब्धियों, संघर्षों और चिकित्सक समुदाय को एक मंच पर पिरोने के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि पिछले एक दशक में संगठन ने अनुभवी चिकित्सकों के अधिकारों, उनके सामाजिक सम्मान और आपसी एकजुटता को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। समारोह के दौरान जिला सिरसा के नवनियुक्त पदाधिकारियों को फूल मालाओं और स्मृति चिन्हों से नवाजा गया। जिला अध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, कर्मवीर सिंह, भूप सिंह चाड़ीवाल, विनोद नाथूसरी, जिला उप अध्यक्ष डॉ. हरभजन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार सहित अन्य कई चिकित्सक साथियों को भी संगठन के प्रति उनकी निष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजपाल वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी संगठन के लिए 10 वर्षों का लंबा सफर आपसी विश्वास, समर्पण और अटूट एकजुटता का प्रतीक होता है। उन्होंने सभी सदस्यों से आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। समारोह का समापन आपसी भाईचारे, एक-दूसरे के सम्मान और संगठन को और अधिक मजबूत करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में मौजूद सभी आरएमपी ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।