सेवा मेरा योगदान थींम पर गांव बिरोहड़ में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 55 लोगों को मिली आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा; 23 लोगों ने किया योगाभ्यास
झज्जर, 10 अक्टूबर।
जिला में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा गांव बिरोहड़ में स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ नियमित योगाभ्यास के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सुमन ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयुष विभाग जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने, निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि गांव बिरोहड़ में जीएडी सासरौली की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेदिक ओपीडी के माध्यम से 55 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, 23 लोगों को योगाभ्यास करवाकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
व्यायामशालाओं में निकाली योग जागरण यात्रा
जिला योग समन्वयक डॉ. पवन देसवाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की विभिन्न व्यायामशालाओं में योग सहायकों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में योग जागरण यात्राएं निकालीं। इन यात्राओं के माध्यम से लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में मदद मिलती है। आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद और योग के समन्वय से आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
