हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचा रही जागरूकता वैन : डीसी

गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों को तिरंगे के सम्मान का दिया जा रहा संदेश, वैन पर देश के नाम संदेश लिखकर व हस्ताक्षर कर अभियान से जुड़ रहे नागरिक
 
हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचा रही जागरूकता वैन : डीसी


झज्जर, 10 अगस्त।
हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और आमजन को राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की जागरूकता वैन के माध्यम से जिलावासियों को हर घर तिरंगा अभियान का संदेश दिया जा रहा है। जागरूकता वैन पर नागरिक देश के नाम अपना संदेश लिखने के साथ-साथ हस्ताक्षर कर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए अभियान का हिस्सा बन रहे हैं।


गांव-गांव पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ रही जागरूकता वैन
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जागरूकता वैन जिले के शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों को भी कवर कर रही है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ना और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।


झज्जर क्षेत्र के इन गांवों में पहुँची प्रचार वैन
सोमवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की टीम ने जागरूकता वैन के माध्यम से बाबरा, डावला, रईया, हसनपुर, कासनी, सुबाना, जटवाड़ा, धारौली, साल्हावास, लड़ायन, बिरड़, अकेहड़ी मदनपुर, मातनहेल, छुछकवास, जहाजगढ़, खातीवास, खेड़ी खुम्मार सहित झज्जर शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों को अभियान के प्रति जागरूक किया।
प्रचार टीम ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। इस दौरान नागरिकों ने जागरूकता वैन पर देश के नाम अपने संदेश लिखे और हस्ताक्षर कर राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।

नागरिकों की भागीदारी से बनेगा राष्ट्रभक्ति का व्यापक उत्सव
डीसी वर्षा खांगवाल ने जिलावासियों से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रकट करें। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जागरूकता वैन के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक अभियान का संदेश पहुंचाया जा रहा है, ताकि हर वर्ग के नागरिक इससे जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति व राष्ट्रीय गौरव के उत्सव के रूप में मनाएं।


मंगलवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र में शेड्यूल के अनुरूप पहुंचेगी जागरूकता वैन
जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को वैन बहादुरगढ़ बाईपास झज्जर रोड से शुरू होकर पकौड़ा चौक, बादली रोड, मेला ग्राउंड रोड, राजकीय महाविद्यालय क्षेत्र, नजफगढ़ रोड, पुराना बस स्टैंड, एचएनजी गेट, परनाला रोड, पश्चिमी जुआं ड्रेन, रेलवे रोड और बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पहुंचेगी।


इसके बाद जागरूकता वैन रेलवे रोड से वापस लौटते हुए झज्जर रोड तथा झज्जर की ओर निर्धारित मार्ग पर जाएगी। इस दौरान विभाग की टीम नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी देने के साथ तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के प्रति जागरूक करेगी।