- गुटखा, खैनी व तंबाकू से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान की दी जानकारी
- सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत पीएचसी अनंगपुर में निक्षय एवं ओरल कैंसर जागरूकता कैंप आयोजित
फरीदाबाद, 19 सितंबर।
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) अनंगपुर के अंतर्गत निक्षय कैंप एवं ओरल कैंसर जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य लोगों को टीबी एवं ओरल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी देना रहा।
कैंप के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि लंबे समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना तथा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय जांच करवाना आवश्यक है। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को टीबी की समय पर पहचान और नियमित उपचार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
इसी दौरान ओरल कैंसर जागरूकता कैंप के माध्यम से लोगों को मुंह के कैंसर के संभावित कारणों, प्रारंभिक लक्षणों और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को तंबाकू, गुटखा, खैनी एवं अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए इनके सेवन से बचने की अपील की।
कैंप में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लोगों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता गतिविधियों की सराहना की। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
