फिजियोथेरेपी दिवस पर जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन
 

 
फिजियोथेरेपी दिवस पर जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन

 

अग्रोहा।

 महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता, रंगोली प्रतियोगिता, रील्स प्रतियोगिता, क्विज तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और फिजियोथेरेपी से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को शारीरिक सक्रियता, स्वस्थ जीवनशैली तथा फिजियोथेरेपी के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर डॉ. आशुतोष शर्मा, निदेशक पैरामेडिकल, ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

डॉ. आशुतोष शर्मा ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल चोट या बीमारी के बाद उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोगों की रोकथाम, शारीरिक क्षमता को बनाए रखने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और लंबे समय तक बैठकर काम करने की आदतों के कारण फिजियोथेरेपी के प्रति जागरूकता और भी आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से दिए गए स्वास्थ्य संदेश समाज में सकारात्मक जागरूकता पैदा करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक चिकित्सा ज्ञान एवं नवीन तकनीकों से निरंतर अपडेट रहने के लिए प्रेरित किया।

डॉ. पवन अग्रवाल, प्राचार्य, कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी, ने भी विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ-साथ उनके संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए अकादमिक ज्ञान के साथ समाज के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता भी आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।