जल संरक्षण के प्रति जागरूकता जरूरी, पानी की एक-एक बूंद बचाना हम सभी की जिम्मेदारी
सिरसा, 05 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से सोमवार को गांव नीमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जल संरक्षण एवं पीने के पानी का स्वास्थ्य पर प्रभाव विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार ने बतौर मुख्याअतिथि शिरकत की।
बीआरसी हरि सिंह ने कहा कि जल प्रबंधन हम सभी की जिम्मेदारी है। पानी की एक-एक बूंद को बचाना जरूरी है और इसे व्यर्थ नहीं बहने देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार है, इसलिए इसका संरक्षण करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से भी जल संरक्षण को लेकर अपने स्तर पर पूरी जिम्मेदारी एवं ईमानदारी से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उचित मात्रा में उपलब्ध हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जल संरक्षण के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी पानी बचाने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक पानी के महत्व और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी को समझेंगे, तभी विकसित भारत के सपने को साकार करने में हम प्रभावी योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जल संरक्षण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना बेहद जरूरी है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल तथा पानी से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।
