पीएम-राहत कैशलेस उपचार योजना और सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर किया जागरूक

 
   पीएम-राहत कैशलेस उपचार योजना और सड़क सुरक्षा नियमों को लेकर किया जागरूक

सिरसा, 14 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री राहत (पीएम-राहत) कैशलेस उपचार योजना एवं सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए डबवाली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने आमजन को योजना के लाभों की जानकारी देने के साथ-साथ यातायात नियमों की पालना के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ट्रैफिक (डबवाली) एसएचओ भूप सिंह, आरटीए सिरसा के सब-इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, आईआरएडी डीआरएम संजय तथा कांस्टेबल साहिल ने आमजन को प्रधानमंत्री राहत कैशलेस उपचार योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में पात्र लोगों को योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार दिलाना है।

अधिकारियों ने आमजन से वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और सड़क पर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा गया कि सड़क सुरक्षा नियमों की पालना से दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है। आमजन से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।