वायु प्रदूषण पर प्रशासन सख्त, हॉटस्पॉट गांवों पर विशेष निगरानी

 
 वायु प्रदूषण पर प्रशासन सख्त, हॉटस्पॉट गांवों पर विशेष निगरानी

वायु प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीसी वर्षा खांगवाल ने ग्रेप की पालना के दिए निर्देश, पराली जलाने से लेकर औद्योगिक प्रदूषण तक पर रहेगी नजर

झज्जर, 19 अक्टूबर


 जिला में वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को संशोधित ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) की पालना सुनिश्चित करने और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण में कोताही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने औद्योगिक इकाइयों, डीजल जनरेटर, वाहनों के धुएं, सड़कों की धूल, खुले में कचरा जलाने और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। सड़कों की नियमित सफाई, मैकेनिकल व वैक्यूम स्वीपिंग और जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अवैध आरएमसी और हॉट मिक्स प्लांट इकाइयों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के परनाला, बामनोली, लडरावन, कसार, मुकंदपुर, खैरपुर, कानोंदा और गुभाना गांवों में पराली जलाने की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। डीसी ने अधिकारियों को किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आमजन से खुले में कचरा व फसल अवशेष नहीं जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की सूचना संबंधित विभागों को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के साथ जनसहयोग से ही प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।