आईटीआई में साइबर सुरक्षा को लेकर एएसपी मयंक मुदगिल ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

 
  आईटीआई में साइबर सुरक्षा को लेकर एएसपी मयंक मुदगिल ने विद्यार्थियों को किया जागरूक

कहा, साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता जरूरी, ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल
हिसार, 
आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने जैसी छोटी-सी लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
यह जानकारी देते हुए हिसार के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हिसार में आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम का आयोजन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संस्थान के प्रधानाचार्य सुनील सचदेवा और उपप्रधानाचार्य रविन्द्र झोरड़ के नेतृत्व में किया गया। एएसपी मयंक मुदगिल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने, अनजान लिंक से दूरी रखने, संदिग्ध वेबसाइटों पर अपनी जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ सकती है।
एएसपी ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों, बुजुर्गों तथा आसपास के लोगों को भी ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि जागरूकता और सावधानी के माध्यम से साइबर अपराधियों के मंसूबों को नाकाम किया जा सकता है। कार्यक्रम का मंच संचालन सदानंद सिहाग ने किया।
इस मौके पर ग्रुप इंस्ट्रक्टर ललित कुमार, दीपक कटारिया, अनुदेशक राकेश, रायसाहब, पवन, किस्मत, लक्ष्मण, मोनिका तथा इंस्ट्रक्टर सुमित कुमार सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।