काउंटडाउन शुरू होते ही फरीदाबाद हाफ मैराथॉन के लिए पंजीकरण की होड़, अब तक 67 हजार से अधिक ने कराया पंजीकरण : उपायुक्त आयुष सिन्हा
फरीदाबाद, 3 सितंबर।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने बताया कि आगामी 27 सितंबर 2026 को सूरजकुंड मेला ग्राउंड्स, फरीदाबाद में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथॉन-2026 को लेकर शहरवासियों और देशभर के धावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 67,192 से अधिक प्रतिभागी मैराथॉन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल स्वास्थ्य एवं फिटनेस का उत्सव नहीं, बल्कि नशामुक्त हरियाणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला एक महत्वपूर्ण जनअभियान भी है।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि फरीदाबाद हॉफ मैराथॉन का शुभारंभ रविवार, 27 सितंबर को प्रातः 6 बजे सूरजकुंड मेला ग्राउंड्स से होगा और कार्यक्रम को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देशभर से धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। मैराथॉन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मापे गए AIMS प्रमाणित कोर्स पर दौड़ आयोजित की जाएगी तथा 21.1 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दौड़ में RFID चिप के माध्यम से समय रिकॉर्ड किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन में प्रतिभागियों के लिए तीन श्रेणियां—21.1 किलोमीटर हाफ मैराथॉन, 10 किलोमीटर टाइम्ड रन और 5 किलोमीटर फन रन निर्धारित की गई हैं। 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथॉन प्रातः 6 बजे शुरू होगी और इसके लिए तीन घंटे का कट-ऑफ समय निर्धारित है। वहीं 10 किलोमीटर टाइम्ड रन प्रातः 7 बजे शुरू होगी, जिसके लिए एक घंटे 30 मिनट का कट-ऑफ समय रहेगा। 5 किलोमीटर फन रन प्रातः 7:15 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें परिवारों, विद्यार्थियों, कॉरपोरेट समूहों और पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए विशेष अवसर रहेगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथॉन-2026 का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों तथा खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी की भागीदारी ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ के संकल्प को मजबूत करने में योगदान देगी।
मैराथॉन विजेताओं के लिए 10 लाख रुपये तक पुरस्कार राशि
मैराथॉन में 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी रखी गई है। इच्छुक प्रतिभागी निर्धारित श्रेणी के अनुसार अपना पंजीकरण कराकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। साथ ही 10 लाख रुपये तक की इनाम राशि जीतने का प्रयास कर विजेता बन सकते हैं। विभिन्न श्रेणियों में आयोजित इस दोड़ का हिस्सा बन सकते हैं।
