युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, 14 सितंबर को राजकीय आईटीआई कंसाला में लगेगा अप्रेंटिसशिप मेला
रोहतक | उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि युवाओं को उद्योगों एवं प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 14 सितंबर 2026 को सुबह 9:30 बजे जिला के गांव कंसाला स्थित राजकीय आईटीआई में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जायेगा।
सतबीर सिंह ने बताया कि अप्रेंटिसशिप मेला युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ-साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों में कार्य सीखने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिला के पात्र युवाओं का आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। अप्रेंटिसशिप अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों में निर्धारित संख्या में अप्रेंटिस को प्रशिक्षण देना आवश्यक है। अधिनियम के तहत प्रतिष्ठानों/उद्योगों में 2.5 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक अप्रेंटिस को नियोजित करने का प्रावधान है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप मेले के संबंध में अधिक से अधिक युवाओं तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जानकारी उपलब्ध करवाते हुए उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि ऐसे मेलों के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, व्यावहारिक प्रशिक्षण तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है।
