हिसार, 08 अक्टूबर।
अनुसूचित जाति के परिवारों को स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थी बैंक टाई-अप, एनएसकेएफडीसी तथा एनएसएफडी के माध्यम से ऋण के लिए 31 दिसंबर 2026 तक निगम की वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला प्रबंधक कुलदीप सैनी ने बताया कि निगम द्वारा एक लाख से दो लाख रुपये तक के ऋण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें 50 हजार रुपये की अनुदान राशि बतौर सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच, परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक तथा प्रार्थी अनुसूचित जाति से संबंधित होना चाहिए। पात्र आवेदक आवेदन के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदक अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित निगम के कार्यालय नंबर 32, सेक्टर कॉलोनी, आजाद नगर, नजदीक फायर ब्रिगेड हिसार में संपर्क स्थापित कर सकते हैं। इसके अलावा इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01662-254251 पर संपर्क किया जा सकता है।
फसल खरीद में किसानों को किसी स्तर पर परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक मंडी में वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किए गए : उपायुक्त महेंद्र पाल
अभी तक धान की कुल खरीद 9365 मीट्रिक टन तथा बाजरा की कुल खरीद 3544 मीट्रिक टन हुई
जिले में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध करवाने के लिए किए गए हैं पुख्ता बंदोबस्त
हिसार, 08 अक्टूबर।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा है कि फसल खरीद में किसानों को किसी स्तर पर परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक मंडी में खरीद व्यवस्था की निगरानी के लिए एचसीएस व अन्य वरिष्ठ अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मंडियों में धान और बाजरे की खरीद, उठान और भुगतान की पूरी व्यवस्था सुचारू रखने की हिदायत दी गई है। वीरवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि हिसार की मंडियों में अभी तक धान की कुल खरीद 9365 मीट्रिक टन तथा बाजरा की कुल खरीद 3544 मीट्रिक टन हुई है। किसानों को बाजरे के लिए 2,900 रुपये प्रति क्विंटल के दाम सुनिश्चित किए जाएंगे। इसमें भावान्तर भरपाई योजना के तहत किसानों को 600 प्रति क्विंटल का लाभ दिया जाएगा।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि जिले में किसानों को यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध करवाने के लिए भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। आंकड़ों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन के लिए 1 लाख 10 हजार मीट्रिक टन यूरिया की डिमांड की गई थी, जिसमें अभी तक 1 लाख 213 मीट्रिक टन यूरिया जिले को उपलब्ध हुई थी, जिसमें से 82386 मीट्रिक टन आवंटित की जा चुकी है और 19627 मीट्रिक टन स्टॉक में उपलब्ध है। इसी प्रकार खरीफ सीजन के लिए 30 हजार मीट्रिक टन डीएपी की डिमांड की गई थी, जिसमें से जिले को 24 हजार 276 मीट्रिक टन डीएपी मिल चुकी है। इसमें से 21 हजार 501 मीट्रिक टन आवंटित की जा चुकी है और 2775 मीट्रिक टन स्टॉक में उपलब्ध है। खरीफ सीजन के लिए 10 हजार मीट्रिक टन एनपीके की डिमांड की गई थी, जिसमें से जिले को 3 हजार 624 मीट्रिक टन डीएपी मिल चुकी है। इसमें से 1 हजार 728 मीट्रिक टन आवंटित की जा चुकी है और 1896 मीट्रिक टन स्टॉक में उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि रबी सीजन के लिए हमने 85 हजार मीट्रिक टन यूरिया और 30 हजार मीट्रिक टन डीएपी की डिमांड की थी। दो दिन पहले एक रेक हमें प्राप्त भी हो गया है। उपायुक्त ने किसानों को खाद का विवेकपूर्ण प्रयोग करने के साथ-साथ डीएपी और यूरिया के अलावा प्राकृतिक खाद करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा से विभिन्न स्थानों के लिए हवाई सेवा आरंभ की जा चुकी है। अभी तक उड़ान स्कीम के तहत लगभग 15 हजार यात्री सफर कर चुके हैं और जल्द ही अहमदाबाद और जम्मू की उड़ानें भी शुरू की जाएंगी। हिसार में औद्योगिक गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने के लिए इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किए जाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के स्थापित होने के बाद यहां व्यवसाय और रोजगार के काफी अवसर उपलब्ध होंगे। इस मौके पर सीएमजीजीए अमोल भी उपस्थित रहे।
