अम्बाला | कानून-व्यवस्था और स्थानीय मुद्दों पर पीस कमेटी की बैठक हुई। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दिनचर्या और गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने की अपील की, ताकि युवाओं को नशे की चपेट में आने से पहले रोका जा सके। बैठक में सदस्यों ने शहजादपुर बस स्टैंड के आसपास जाम, स्कूल-कॉलेज की छुट्टी के समय असामाजिक तत्वों पर रोक, किरायेदार सत्यापन और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण जैसे मुद्दे उठाए।
एसपी ने डीएसपी सूरज चावला, थाना नारायणगढ़ प्रभारी ललित कुमार और थाना शहजादपुर प्रभारी ओमचंद को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अफवाहों से बचने, भाईचारा बनाए रखने और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।
