दयालु योजना से अंत्योदय परिवारों को दी जाती है आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा : उपायुक्त महेंद्र पाल

 
दयालु योजना से अंत्योदय परिवारों को दी जाती है आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा : उपायुक्त महेंद्र पाल

परिवार के सदस्य की मृत्यु या स्थाई दिव्यांगता पर मिलती है 1 से 5 लाख रुपये तक की सहायता, घटना के तीन महीने के भीतर करना होगा आवेदन

हिसार, 11 नवंबर।

दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना अंत्योदय परिवारों के लिए आर्थिक संबल बन रही है। योजना के तहत 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के किसी सदस्य की मृत्यु या स्थाई दिव्यांगता होने पर सरकार की ओर से एक लाख से पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को मुश्किल समय में आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ 6 से 60 वर्ष तक की आयु के पात्र व्यक्तियों के लिए निर्धारित किया गया है। परिवार को मृत्यु या स्थाई दिव्यांगता की स्थिति में घटना की तिथि से तीन महीने के भीतर आवेदन करना अनिवार्य है। आयु वर्ग के अनुसार सहायता राशि निर्धारित की गई है। इसके तहत 6 से 12 वर्ष तक की आयु के लिए एक लाख रुपये, 12 से 18 वर्ष तक के लिए दो लाख रुपये, 18 से 25 वर्ष तक के लिए तीन लाख रुपये, 25 से 45 वर्ष तक के लिए पांच लाख रुपये तथा 45 से 60 वर्ष तक की आयु के लिए तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
 उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवार को दयालु योजना के आधिकारिक पोर्टल  https://dapsy.finhry.gov.in/ पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए सबसे पहले पोर्टल पर जाकर परिवार पहचान पत्र आईडी दर्ज करनी होगी। इसके बाद गेट ओटीपी पर क्लिक कर मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करके सबमिट करना होगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार के सदस्यों की जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी। इनमें से संबंधित लाभार्थी का चयन कर आवश्यक व्यक्तिगत विवरण भरने के बाद आवेदन जमा किया जा सकता है। उपायुक्त ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे परिवार में मृत्यु या स्थाई दिव्यांगता की स्थिति होने पर पात्र लोग दयालु योजना का लाभ अवश्य लें। आवेदन के लिए किसी एजेंट या बिचौलिए के झांसे में न आएं और धोखाधड़ी से सतर्क रहें। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0172-2996024 तथा ईमेल  dayaluhelpline@gmail.com  पर संपर्क किया जा सकता है।