SIR की प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर

 
 SIR की प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर

चंडीगढ़, 

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हरियाणा सहित सात राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (Absent, Shifted, Dead and Duplicate - ASDD) के रूप में चिह्नित होने तथा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे।

हरियाणा राज्य में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 2,06,55,929 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे । उनमें से 1,72,72,627 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र 24 जुलाई 2026 तक वापस जमा करवाए गए। जिनसे गणना प्रपत्र वापस नहीं हुआ ऐसे 10,37,708 मतदाता अनुपस्थित व अन्य के रूप में, 7,66,003 मृतक मतदाता, 13,74,759 स्थानांतरित मतदाता तथा 2,04,832 पहले से दर्ज/दोहरें मतदाता के रूप में चिह्नित किए गए थे। 31 जुलाई को प्रकाशित की गई प्रारंभिक मतदाता सूची में 1,72,72,627 मतदाताओं को शामिल किया गया था। किसी कारणवश जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र वापस जमा नहीं किया था उनको भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाना है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास अधिकारी/पंचायत अधिकारी/शहरी स्थानीय निकाय अधिकारी के कार्यालयों में पुनः प्रदर्शित की जाएगी। पुनः प्रदर्शित की जाने वाली सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर PDF प्रारूप में भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिनमें नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का उल्लेख होगा।

ऐसे सभी मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (ERO)/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (AERO) के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। मतदाता अपने पुराने EPIC नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ECINET ऐप से भी अपना गणना प्रपत्र डाउनलोड एवं भर सकेंगे। यदि मतदाता उसी स्थान पर रह रहा है, यदि संबंधित मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र तथा निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक–B) जमा करवा सकता है।

इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। मतदाता अपना गणना प्रपत्र संबंधित ERO/BLO के पास जमा करवा सकते हैं, या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी जमा करवा सकते हैं। ऑनलाइन प्रपत्र जमा करवाने की सुविधा भी ECINET ऐप के माध्यम से उपलब्ध होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता हरियाणा में ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को अपने नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-C) तथा निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। संबंधित विधानसभा क्षेत्र के ERO/AERO के पास यह प्रपत्र जमा करवाया जा सकता है। मतदाता नए मतदान केंद्र के BLO से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट/ECINET ऐप पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति के पास निवास प्रमाण से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो BLO की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट पर्याप्त होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने SIR के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का ERO द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे तथा उन्हें SIR से पहले आवंटित EPIC नंबर पुनः आवंटित किया जाएगा।

ए. श्रीनिवास ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, ERO, AERO एवं BLO को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे।
उन्होंने हरियाणा के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रधानों/सचिवों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के माध्यम से ऐसे सभी मतदाताओं को जागरूक करें और उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने में सहयोग दें।