SIR की प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर : डीसी

 
SIR की प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए मतदाताओं को नाम जुड़वाने का एक और अवसर : डीसी

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जिला के सभी चार विधानसभा क्षेत्र नामत: 75 पटौदी (अ.जा.), 76 बादशाहपुर, 77 गुड़गांव और 78 सोहना के इआरओ, एइआरओ एवं बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम,

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गुरुग्राम सहित प्रदेश भर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (अब्सेंट, शिफ्टेड, डेड, तथा डुप्लीकेट एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने तथा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम जिला में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 15,55,034 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे । उनमें से 11,01,955 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र 24 जुलाई 2026 तक वापस जमा करवाए गए। जिनसे गणना प्रपत्र वापस नहीं हुआ ऐसे 1,36,257 मतदाता अनुपस्थित व 25,713 अन्य के रूप में, 60,970 मृतक मतदाता, 2,03, 491 स्थानांतरित मतदाता तथा 26,648 पहले से दर्ज/दोहरें मतदाता के रूप में चिह्नित किए गए थे। 31 जुलाई को प्रकाशित की गई प्रारंभिक मतदाता सूची में 11,01,955 मतदाताओं को शामिल किया गया था। किसी कारणवश जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र वापस जमा नहीं किया था उनको भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाना है।

उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, ईआरो, एइआरओ के कार्यालय में, शहरी स्थानीय निकाय अधिकारी के कार्यालयों में पुनः प्रदर्शित की जाएगी। पुनः प्रदर्शित की जाने वाली सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध करवाई जाएगी, जिनमें नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का उल्लेख होगा। ऐसे सभी मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (इआरओ)/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ) तथा बीएलओ के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। मतदाता अपने पुराने एपिक नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी अपना गणना प्रपत्र डाउनलोड एवं भर सकेंगे।

यदि मतदाता उसी स्थान पर रह रहा है, यदि संबंधित मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र तथा निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक–B) जमा करवा सकता है। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। मतदाता अपना गणना प्रपत्र परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता प्रदेश में ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को अपने नए पते और विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-C) तथा निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। मतदाता नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट/ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि किसी व्यक्ति के पास निवास प्रमाण से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है, तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट पर्याप्त होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने SIR के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का इआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा। पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे तथा उन्हें SIR से पहले आवंटित एपिक नंबर पुनः आवंटित किया जाएगा।

उत्तम सिंह ने जिला की सभी चार विधानसभा क्षेत्रों नामत: 75 पटौदी (अ.जा.), 76 बादशाहपुर, 77 गुड़गांव और 78 सोहना के इआरओ)/सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी (एईआरओ एवं बीएलओ को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे।उन्होंने हरियाणा के राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रधानों/सचिवों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से ऐसे सभी मतदाताओं को जागरूक करें और उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने में सहयोग दें।