एसआईआर-2026 में एएसडीडी के कारण छूटे मतदाताओं के लिए नाम जुड़वाने का एक और अवसर : जिला निर्वाचन अधिकारी
हिसार,
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिला हिसार में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम अब्सेंट, शिफ्टेड, डेड और डुप्लिकेट के रूप में चिह्नित होने के कारण मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर प्रदान किया गया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र पाल ने बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की बूथ-वार सूचियां संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवन, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा संबंधित ईआरओ कार्यालयों पर प्रदर्शित कर दी गई हैं। ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ फॉर्मेट में भी उपलब्ध हैं। मतदाता अपना नाम इन सूचियों में देख सकते हैं उन्होंने बताया कि मतदाता निम्न प्रकार से अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
संबंधित मतदाता अपना पूरी तरह भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने वर्तमान साधारण निवास स्थान से संबंधित बीएलओ, ईआरओ, एईआरओ के पास या जिला निर्वाचन कार्यालय, कमरा नम्बर 309, तृतीय तल, लघु सचिवालय जमा कर सकते हैं। मतदाता ईसीआई नेट ऐप या वेबसाइट के माध्यम से भी अपने पुराने एपिक नंबर का उपयोग करके गणना प्रपत्र डाउनलोड और भर सकते हैं। ईसीआई नेट पर ई-हस्ताक्षर के साथ ऑनलाइन प्रपत्र जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है। यदि मतदाता का निवास स्थान नहीं बदला है, तो वे भरा हुआ प्रपत्र अपने हस्ताक्षर/अंगूठे के निशान और कारण सहित एनेक्सचर बी के साथ संबंधित अधिकारी या बीएलओ के पास स्वयं या परिवार के सदस्य के माध्यम से जमा कर सकते हैं। यदि मतदाता ने राज्य के भीतर ही अपना निवास स्थान बदल लिया है, तो उन्हें फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं है। वे एनेक्सचर सी (नए पते और विधानसभा क्षेत्र के विवरण के साथ) तथा पते के प्रमाण के साथ नए क्षेत्र के संबंधित ईआरओ, एईआरओ के पास अपना प्रपत्र जमा कर सकते हैं। बेघर लोगों के मामले में बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट निवास प्रमाण के लिए पर्याप्त होगी। जांच और सत्यापन के बाद जिन गणना प्रपत्रों को स्वीकार किया जाएगा, उनके एस आई आर से पहले के मूल एपिक नंबर को ही दोबारा आवंटित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। अधिक जानकारी के लिए अपने बीएलओ या संबंधित ईआरओ कार्यालय से संपर्क करें।
