आंगनवाड़ी केंद्र बने पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के जागरूकता केंद्र

 
आंगनवाड़ी केंद्र बने पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के जागरूकता केंद्र

 
‘आंगन मिलन सेवा’ के दूसरे दिन महिलाओं और बच्चों ने उत्साह से लिया भाग, 8343 लाभार्थी हुए लाभान्वित

बहादुरगढ़, 05 अक्टूबर

जिलाभर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न मॉड्यूल में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सोमवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ मॉड्यूल के अंतर्गत खंड बहादुरगढ़ ग्रामीण-एक के आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियां एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों को पोषण, स्वस्थ खान-पान, बच्चों की वृद्धि एवं विकास तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।

दूसरे दिन 8343 लाभार्थियों ने लिया कार्यक्रम में भाग
महिला एवं बाल विकास विभाग की डीपीओ नेहा दहिया ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित गतिविधियों के दौरान लाभार्थियों से संवाद किया गया और बच्चों के उचित पोषण, वृद्धि एवं विकास तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार को लेकर भी जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि खंड बहादुरगढ़ ग्रामीण-एक के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 8343 लाभार्थियों ने सहभागिता की।

महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीमों ने महिलाओं के कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इनमें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व एवं शिशु कल्याण योजना तथा आंगनवाड़ी आधारित स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाएं शामिल रहीं।

पोषण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
डीपीओ ने बताया कि ‘आंगन मिलन सेवा’ मॉड्यूल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, योग और स्वस्थ जीवनशैली संबंधी जागरूकता के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों को स्वास्थ्यवर्धक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समुचित विकास के प्रति परिवारों को जागरूक करना है।