आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम : महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म हुई
सिरसा, 07 अक्टूबर।
सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सिरसा शहरी तथा बड़ागुढ़ा ब्लॉक में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों, एएनएम तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की उप निदेशक डॉ. दर्शना सिंह ने बताया कि जिला में विभिन्न स्थानों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व सहायता योजना तथा आपकी बेटी हमारी बेटी योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया है। महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय पोषण माह के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं एवं सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीना कौर ने महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बड़ागुढ़ा ब्लॉक में भी आयोजित कार्यक्रम
बड़ागुढ़ा ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष ममता रानी, बिंदु शर्मा, अवतार कौर सहित अन्य ने भाग लिया। कार्यक्रमों में सरपंच, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम, आशा वर्कर, ब्लॉक चेयरमैन, ब्लॉक समिति सदस्य, पंच, सरपंच, सभी सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं हेल्पर सहित अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
सिरसा शहरी ब्लॉक में भी महिलाओं ने लिया भाग
सिरसा शहरी ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रमों में नगर पार्षद, एएनएम, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, हेल्पर, सभी सुपरवाइजर तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण से जुड़े विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों को महिलाओं एवं बच्चों तक विभागीय सेवाएं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रमों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।
