गांव मिताथल में आंगन मिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 
गांव मिताथल में आंगन मिलन कार्यक्रम का हुआ आयोजन


- आंगन मिलन कार्यक्रम में गोद भराई, रेसिपी कम्पटीशन और टीकाकरण जागरूकता बना आकर्षण का केंद्र
भिवानी, 07 अक्टूबर। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में गांव मिताथल में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में विभाग की सुपरवाइजर अंजना और सरपंच प्रतिनिधि नरेश के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र में बाल विकास, महिला स्वास्थ्य और सामुदायिक जागरूकता की एक बेहतरीन मिसाल पेश की गई।


इस अवसर पर आयोजित विविध गतिविधियों में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई की रस्म निभाई गई तथा बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा, पौष्टिक आहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जीवंत रेसिपी कम्पटीशन (व्यंजन प्रतियोगिता) का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने स्थानीय सामग्रियों से तैयार पौष्टिक व्यंजनों का बेहतरीन प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के दौरान सुपरवाइजर अंजना और अतिथियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की बहुआयामी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संतुलित आहार के चयन, बच्चों के समय पर टीकाकरण  और दैनिक जीवन में साफ-सफाई व स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान अनेक महिलाएं उपस्थित रही।