अमावस्या पर श्रद्धा के साथ- साथ गौवंश के स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान: डीसी साहिल गुप्ता

 
 - अमावस्या पर श्रद्धा के साथ- साथ गौवंश के स्वास्थ्य का भी रखें ध्यान: डीसी साहिल गुप्ता

 -गायों को खिलाएं संतुलित एवं सुरक्षित आहार: डीसी साहिल गुप्ता
- पितृ अमावस्या के चलते डीसी साहिल गुप्ता ने की है जिला के नागरिकों से अपील
- अमावस्या पर तला हुआ भोजन यानि हलवा, पूरी या खीर की अत्यधिक मात्रा होने से होती है गायों की मौत
भिवानी, 09 अक्टूबर।  डीसी साहिल गुप्ता ने आमजन से अपील की है कि वे पितृ अमावस्या पर अपनी श्रद्धा व आस्था के साथ-साथ गायों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें। गोवंश को तला हुआ अथवा अत्यधिक मात्रा में भोजन न खिलाएं, क्योंकि ऐसा भोजन गायों की अकाल मौत का कारण बनता है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे अपनी श्रद्धा के नाम पर गौशालाओं में चारा दान कर सकते हैं।
डीसी ने कहा कि पितृ अमावस्या पर अनेक श्रद्धालु गोवंश को भोजन खिलाकर पुण्य कमाने की भावना रखते हैं। गायों को अधिक मात्रा में पूड़ी, पकौड़ी, मिठाई अथवा तेल-मसाले से युक्त भोजन खिलाने से बचें। क्योंकि यही भोजन गायों की मौत का कारण बन जाता है। ऐसे में इसके स्थान पर हरा चारा, स्वच्छ पानी तथा गोवंश के अनुकूल सुरक्षित आहार उपलब्ध करवाएं। लोगों को चाहिए कि वे गायों को स्वच्छ एवं संतुलित आहार दें।
डीसी ने आमजन से यह भी अपील की है कि भोजन सडक़ पर न डालें, जिससे गायों को सडक़ पर आने-जाने के दौरान दुर्घटना का खतरा न हो। इसके साथ-साथ प्लास्टिक की थैलियों में भोजन डालकर न दें। गायों के आसपास प्लास्टिक एवं अन्य हानिकारक कचरा न फेंकें।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि गोवंश की सेवा केवल धार्मिक अवसरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा के प्रति नियमित रूप से संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि पितृ अमावस्या पर श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ गायों को सुरक्षित भोजन दें तथा उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और संरक्षण में अपना योगदान दें।