रिफॉर्म उत्सव को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ करे कार्य :-उपायुक्त सतबीर सिंह
रोहतक, 3 सितंबर। रिफॉर्म उत्सव अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर शासन एवं प्रशासन की प्रक्रियाओं में आवश्यक एवं व्यापक सुधार लाने, जनभागीदारी बढ़ाने तथा सुधारों को समयबद्ध तरीके से लागू करने को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए।
वीडियो कांफ्रेंस में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य नागरिकों से शासन-व्यवस्था में सुधार संबंधी सुझाव प्राप्त कर उन्हें चिन्हित, परखा और लागू करना है। अभियान में बॉटम-अप अप्रोच के माध्यम से नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए प्रक्रियात्मक एवं संरचनात्मक सुधारों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि रिफॉर्म उत्सव को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों से संबंधित सुधार संबंधी सुझावों को गंभीरता से लिया जाए तथा आमजन को अभियान से जोडऩे के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएं।
सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सभाओं, जन मंथन सभाओं तथा अन्य माध्यमों से नागरिकों को अभियान की जानकारी दी जाए और उनसे शासन एवं सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने संबंधी सुझाव प्राप्त किए जाएं। प्रत्येक पंचायत में 2 अक्टूबर 2026 को जन मंथन सभा आयोजित करने का प्रावधान है। इसी प्रकार शहरी क्षेत्रों में वार्ड सभाओं एवं शहरी परामर्श कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नगर निकाय पार्षदों, आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों तथा अन्य स्थानीय संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव को लेकर 11 सितंबर 2026 से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न गतिविधियां एडिट करके आमजन को अभियान के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को रिफॉर्म उत्सव पोर्टल के माध्यम से अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित किया जाए। कॉमन सर्विस सेंटरों के माध्यम से भी नागरिकों को पोर्टल पर सुझाव दर्ज करवाने में आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। पोर्टल पर सुझाव प्राप्त करने की निर्धारित अवधि 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक है।
सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्राप्त सुझावों का विभागवार परीक्षण किया जाए और उन्हें उचित श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाए। इनमें व्यक्तिगत शिकायतें, कार्रवाई योग्य न होने वाले सुझाव, त्वरित प्रभाव वाले सुधार तथा मध्यम अवधि के सुधार शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जो सुधार तत्काल लागू किए जा सकते हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए तथा मध्यम अवधि के सुधारों के लिए स्पष्ट एवं समयबद्ध रोडमैप तैयार किया जाए। विभागीय स्तर पर सुझावों पर विचार-विमर्श 10 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक किया जाना है, जबकि त्वरित सुधारों को लागू करने तथा पोर्टल पर अपडेट करने का लक्ष्य 20 दिसंबर 2026 तक रखा गया है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव केवल एक विभाग का अभियान नहीं, बल्कि पूरे शासन तंत्र और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से चलने वाली पहल है। इसलिए सभी विभाग अपने स्तर पर नोडल अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए समयबद्ध कार्य योजना तैयार करें। जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान की प्रत्येक गतिविधि की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान का अंतिम उद्देश्य केवल सुझाव एकत्र करना नहीं, बल्कि आमजन के सुझावों को शासन-व्यवस्था में ठोस एवं सकारात्मक सुधार में परिवर्तित करना है। इसलिए प्रत्येक विभाग नागरिकों से प्राप्त उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके समयबद्ध कार्यान्वयन की दिशा में कार्य करे। सतबीर सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिफॉर्म उत्सव के तहत निर्धारित लक्ष्यों एवं समय-सीमा का कड़ाई से पालन करते हुए अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर असिसटेंट कमिश्नर अंडर ट्रेनिंग विशाल सिंह आईएएस, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार, नगराधीश शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, आईटीआई के प्राचार्य राजपाल सिंधु सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
