बच्चों को कुपोषण व एनीमिया से बचाने के लिए खिलाएं एल्बेंडाजोल की गोली: एडीसी अर्पित संगल

 
बच्चों को कुपोषण व एनीमिया से बचाने के लिए खिलाएं एल्बेंडाजोल की गोली: एडीसी अर्पित संगल

एडीसी अर्पित संगल ने एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का किया शुभारंभ

सिरसा, 12 नवंबर।

बच्चों को कुपोषण एवं एनीमिया से बचाने और उनके स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से प्रदेशभर में 12 नवंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत 19 नवंबर को मॉप-अप दिवस भी आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को पेट के कीड़े खत्म करने के लिए एल्बेंडाजोल की गोलियां निशुल्क खिलाई जा रही हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शाह सतनाम चौक, सिरसा में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार और डॉ. राजेश चौधरी मौजूद रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए उनका स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। बच्चों को पेट के कीड़ों से मुक्त रखने से उनके पोषण स्तर में सुधार होता है और एनीमिया की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिलती है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे अपने 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं।
एडीसी ने बताया कि जिन बच्चों के पेट में अधिक कीड़े होते हैं, उन्हें दवा खाने के बाद मिचली, चक्कर या घबराहट जैसी हल्की परेशानी हो सकती है। इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह दवा बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए दी जाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, एनीमिया पर नियंत्रण, सीखने की क्षमता में वृद्धि और स्कूलों में अनुपस्थिति कम करने में मदद मिलती है।
उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि यदि एल्बेंडाजोल की गोली खाने के बाद किसी बच्चे को परेशानी होती है तो सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, आईटीआई, सरकारी एवं निजी कॉलेजों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को यह दवा निशुल्क खिलाई जा रही है।
जिला परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने बताया कि एल्बेंडाजोल की खुराक आयु के अनुसार निर्धारित की गई है। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर चम्मच में दी जाएगी, जबकि 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली पीसकर दी जाएगी। वहीं 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों तथा 20 से 24 वर्ष की महिलाओं को पूरी गोली चबाकर खाने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि यह गोली खाली पेट नहीं खानी चाहिए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, स्कूल प्रशासन से अनिल भाटिया, निशा अग्रवाल, ममता सिसोदिया, सीमा वधवा, बिंदु जैन, शिल्पी गुप्ता, डॉ. वीणा चौधरी, डॉ. अंकुर कटारिया, डॉ. राहुल, डॉ. मनप्रीत, संजय लूथरा, एएनएम इंद्रा, फार्मासिस्ट निशु, एएनएम परवीन सहित आशा वर्कर मौजूद रहे।