नूंह जिला की अनाज मंडियों में पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, बाजरा खरीद और मंडी व्यवस्थाओं का लिया जायजा
किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश, बाजरे के भाव में अंतर की भरपाई करेगी सरकार
चंडीगढ़, 7 नवंबर - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने शनिवार को नूंह जिले की नूंह, तावडू, फिरोजपुर झिरका और पुनहाना अनाज मंडियों का दौरा कर फसल खरीद कार्यों और मंडी में किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने करीब एक घंटे तक मंडी प्रशासन, मार्केट कमेटी के चेयरमैन, स्थानीय आढ़तियों, व्यापारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
बैठक के दौरान बाजरा खरीद की स्थिति, किसानों को मिलने वाले भाव, मंडी में मूलभूत सुविधाओं और निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न मांगें मंत्री के समक्ष रखी गईं। कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली और समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर ही उच्च अधिकारियों को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि बाजरे की खरीद के दौरान किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मंडी में बाजरे के भाव में जो अंतर सामने आ रहा है, उसकी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित दाम मिल सके। उन्होंने कहा कि बाजरे की खरीद लगभग 2500 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास हो रही है और 2300 से 2500 रुपये के बीच भाव में जो अंतर रहेगा, उसे सरकार पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के मंत्री और विधायक विभिन्न अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, ताकि किसानों को फसल बेचने के दौरान पंजीकरण, पोर्टल, बारदाना अथवा अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर है और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
इस दौरान मंडी प्रशासन और आढ़तियों ने मंडी में टीन शेड निर्माण, मंडी कार्यालय के नवीनीकरण तथा मार्केट कमेटी के पुराने कार्यालय को ध्वस्त कर नया कार्यालय बनाने की मांग भी रखी। कृषि मंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए और कहा कि मंडी की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
मंत्री ने मंडी में किसानों और आढ़तियों के लिए पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। तावडू मंडी में शांत भवन, शौचालय और सफाई व्यवस्था से संबंधित मांगों पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी। पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
कृषि मंत्री ने कहा कि फसल खरीद का सीजन अंतिम चरण में है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शेष खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करवाएं और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आढ़तियों की जायज मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है तथा मंडियों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
