हिसार, 21 अक्टूबर।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में बरवाला और आदमपुर क्षेत्रों में सडक़ निर्माण, सुदृढ़ीकरण और सडक़ किनारे इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाने के चार कार्यों के लिए कुल 3 करोड़ 88 लाख 3 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि गांव डाबड़ा में डाबड़ा-लाडवा रोड से दक्षिणी फिरनी तक नई सडक़ का निर्माण करवाया जाएगा। इस कार्य के लिए 1 करोड़ 82 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इसके अतिरिक्त गांव डाबड़ा में दक्षिणी फिरनी से डाबड़ा-लाडवा रोड तक सडक़ के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 12 लाख 48 हजार रुपये तथा उत्तरी फिरनी से डाबड़ा-लाडवा रोड तक नई सडक़ के निर्माण के लिए 70 लाख 39 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव ढाणी मोहब्बतपुर में आदमपुर से झांसल सडक़ के किनारे इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक के कार्य हेतू 22 लाख 78 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी भी दी गई है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत सडक़ नेटवर्क विकास की बुनियादी जरूरत है। अच्छी सडक़ें होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने तथा आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होती है। सरकार का उद्देश्य गांवों को बेहतर सडक़ संपर्क उपलब्ध करवाना है, ताकि ग्रामीण जीवन सुगम बने और विकास कार्यों का लाभ आमजन तक पहुंचे। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। सडक़ निर्माण और सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को इनका दीर्घकालीन लाभ मिल सके।
