पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

 
पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : एडीसी अंजलि श्रोत्रिया

गांव भैंसरावली में सेवा सेतु कैंप, परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड व आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न सेवाओं की दी जानकारी

फरीदाबाद, 
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले में सेवा सेतु कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज गांव भैंसरावली में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही आवश्यक सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन एवं दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया पूरी करवाई गई।

अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना या सेवा का लाभ लेने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कैंपों के माध्यम से नागरिकों को परिवार पहचान पत्र, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कैंप में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इन सेवा सेतु कैंपों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और सरकार की योजनाओं से जुड़कर अपने अधिकारों एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करें।