गुरुग्राम में CDS-NDA परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 34 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई परीक्षा

 
गुरुग्राम में CDS-NDA परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 34 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई परीक्षा

गुरुग्राम | जिला गुरुग्राम में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा सीडीएस तथा एनडीए की लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

जिला में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार ने बताया जिले में परीक्षा के लिए 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां सीडीएस परीक्षा तीन चरणों तथा एनडीए परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर संघ लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया गया।

परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेंटर सुपरवाइजर एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए थे। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित किया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो। परीक्षा के दौरान प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। जिला प्रशासन की मुस्तैदी और अधिकारियों की सतर्कता के चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

*सेशनवार रही परीक्षार्थियों की उपस्थिति*

एनडीए परीक्षा के गणित विषय के सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित सत्र में 9,097 परीक्षार्थियों में से 7,141 उपस्थित रहे, जबकि 1,956 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित जनरल एबिलिटी टेस्ट में 9,097 में से 7,072 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 2,025 अनुपस्थित रहे। सीडीएस परीक्षा के अंग्रेजी विषय के सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक के सत्र में 2,799 में से 1,682 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 1,117 अनुपस्थित रहे। जनरल नॉलेज के दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक के सत्र में 2,799 में से 1,667 उपस्थित और 1,132 अनुपस्थित रहे, जबकि एलीमेंट्री मैथेमेटिक्स के शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक के सत्र में 1,162 में से 654 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 508 अनुपस्थित रहे।