डीसी वर्षा खांगवाल ने बहादुरगढ़ में शहरी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की बैठक में दिए जरूरी निर्देश
जल निकासी, सड़कों की सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्दे
वार्ड स्तर पर शहरी निकाय से जुड़े सभी पहलुओं पर ध्यान दें अधिकारी, आपसी समन्वय से तैयार करें कार्य योजना
डीसी वर्षा खांगवाल ने बुधवार को नगर परिषद सभागार में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेते हुए शहर की जल निकासी व्यवस्था, सड़कों की सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति और शहरी सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के प्रत्येक वार्ड में शहरी निकाय से संबंधित सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देते हुए नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर
डीसी ने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी और सफाई सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में जल निकासी को लेकर समस्याएं सामने आती हैं, उनकी पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। शहर की सड़क या गली में सीवरेज या गड्ढे खुले न हो,इसके लिए नप अधिकारी नियमित मोनिटरिंग करें। कोई व्यक्ति चोटिल न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सड़कों की सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था हो दुरुस्त
डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों और गलियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएं। उन्होंने स्ट्रीट लाइट की स्थिति का भी जायजा लेने और खराब लाइटों को जल्द ठीक करवाने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को आवागमन में सुविधा मिले और रात्रि के समय सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
स्वच्छ पेयजल आपूर्ति नागरिकों की प्राथमिकता
डीसी वर्षा खांगवाल ने पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित अधिकारी पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करें। कहीं भी पाइपलाइन में लीकेज, पेयजल आपूर्ति में बाधा या अन्य समस्या सामने आने पर तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही शहर की सफाई, सीवरेज व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम किया जाए।
वार्ड स्तर पर समस्याओं की पहचान कर करें समाधान
डीसी ने कहा कि शहरी क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड में समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करने से ही शहर की व्यवस्थाओं में प्रभावी सुधार लाया जा सकता है। डीसी ने शहर के वार्ड पार्षदों से भी बातचीत की और उनके सुझाव लिए।
कूड़ा करकट जलाने वालों पर हो कार्रवाई
डीसी वर्षा खांगवाल ने शहरी क्षेत्र में नगर परिषद अधिकारियों को कूड़ा करकट जलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और प्रदूषित वातावरण करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में यदि कोई पंचायती जमीन पर कूड़ा कचरा जलाते हुए मिले तो सम्बन्धित की पहचान करते हुए कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण किसी भी रूप से न हो इसके लिए अधिकारी गम्भीरता से कदम उठाए।
