लंबित शिकायतों के समाधान में देरी न करें अधिकारी, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने दिए निर्देश
रोहतक | अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सरकार द्वारा संचालित सभी शिकायत पोर्टलों की लंबित शिकायतों का निर्धारित अवधि में उचित निपटारा सुनिश्चित करवाये। अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को तुरंत अंडरटेक किया जाये।
नरेंद्र कुमार स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में हरियाणा समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक के उपरांत स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सरकार द्वारा संचालित किये जा रहे सभी शिकायत पोर्टलों का नियमित अवलोकन करें। इन पोर्टल पर शिकायत प्राप्त होते ही शिकायत को अंडर टेक करें, जिससे यह शिकायत ऑवरड्ïयू न हो। पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित अवधि में उचित निपटारा करवाकर कार्यवाही रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने समाधान शिविर एवं जनसंवाद की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों का तुरंत उचित निपटारा करवाये। इन शिकायतों का निपटारा करते समय संबंधित नागरिक से संवाद अवश्य किया जाये तथा उन्हें विभागीय कार्यवाही की जानकारी देकर संतुष्ट किया जाये ताकि शिकायतों का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं नियमित रूप से सभी शिकायत पोर्टल की शिकायतों की समीक्षा करें तथा आवश्यकता अनुसार उचित कार्यवाही करें।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त प्रशिक्षु विशाल सिंह, नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक राकेश कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं भाजपा के प्रतिनिधियों में सतीश चौधरी तथा डॉ. अंकुश बिड्डू मौजूद रहे।
