समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सुनी आमजन की समस्याएं

 
 समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सुनी आमजन की समस्याएं

सिरसा, 
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिले में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की एटीआर रिपोर्ट निर्धारित समय पर प्रस्तुत की जाए, ताकि शिकायतों के निपटान में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे। उन्होंने कहा कि समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की प्रगति की समीक्षा मुख्यमंत्री स्तर पर भी की जा रही है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निर्धारित समयावधि में निपटान सुनिश्चित करें।
ऐलनाबाद और डबवाली में भी सुनीं शिकायतें
ऐलनाबाद में एसडीएम अदिति सिंघानिया ने समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि आमजन की शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं।
इसी प्रकार, डबवाली में एसडीएम योगेश दिलहोर ने आमजन की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का लाभ उठाएं।