समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने सुनीं आमजन की समस्याएं

 
समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने सुनीं आमजन की समस्याएं

*अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश*

*जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर में 11 शिकायतों की हुई सुनवाई*

गुरुग्राम, 8 अक्टूबर- आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी कड़ी में वीरवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने आमजन की 11 शिकायतों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अध्ययन कर उसका समयबद्ध समाधान किया जाए।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा सभी उपमंडलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देते हैं। एडीसी ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, एसीपी मुकेश, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एलडीएम विनोद कुमार बजाज, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, दीप्ति, एक्सईएन आरसी देशवाल तथा इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।