कालांवाली यूथ मैराथन की तैयारियों को लेकर एडीसी अर्पित संगल ने किया निरीक्षण, अधिकारियों के साथ की बैठक

 
 कालांवाली यूथ मैराथन की तैयारियों को लेकर एडीसी अर्पित संगल ने किया निरीक्षण, अधिकारियों के साथ की बैठक

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्य अतिथि, 22 नवंबर को प्रात: 6 बजे नई अनाज मंडी से शुरू होगी मैराथन; 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ में युवा दिखाएंगे दमखम

सिरसा, 12 नवंबर।

कालांवाली में 22 नवंबर  को आयोजित होने वाली यूथ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अतिरिक्त उपायुक्त  अर्पित संगल ने आयोजन स्थल नई अनाज मंडी कालांवाली तथा मैराथन के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उस रूट का भी दौरा किया, जहां से मैराथन में भाग लेने वाले युवा दौड़ लगाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, साफ-सफाई सहित आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत कालांवाली एसडीएम कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मैराथन के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एडीसी अर्पित संगल ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने और आयोजन में भाग लेने वाले युवाओं एवं अतिथियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान में एसडीएम मोहित कुमार, भाजपा डबवाली जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा, राजेंद्र देसूजोधा, पूर्व सांसद चरण सिंह रोड़ी, डा. संजीव शर्मा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष सतपाल शर्मा, हरविंद्र सिंह, मेजर सिंह, मंडल अध्यक्ष लवली गर्ग तथा डीएसपी ललित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
नशा मुक्ति का संदेश देना मैराथन का मुख्य उद्देश्य : रेनू शर्मा
भाजपा डबवाली जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा ने कहा कि इस यूथ मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती है और इसे समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गंभीर हैं। मुख्यमंत्री का संकल्प है कि हरियाणा को नशामुक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोडक़र नशे से दूर रखने की दिशा में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आमजन और युवाओं से मैराथन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया।
तीन श्रेणियों में होगी मैराथन
यूथ मैराथन का आयोजन 22 नवंबर 2026 को प्रात: 6 बजे नई अनाज मंडी, कालांवाली से किया जाएगा। इसमें 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में दौड़ आयोजित होगी। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
जिला प्रशासन सिरसा द्वारा नशा मुक्त हरियाणा के संदेश के साथ आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।