बवानी खेड़ा में अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई, कच्चे रास्ते, पानी की पाइप लाइन व डिमार्केशन तोड़ी

 
 बवानी खेड़ा में अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई, कच्चे रास्ते, पानी की पाइप लाइन व डिमार्केशन तोड़ी

 
- अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें, निर्माण से पहले विभागीय अनुमति लेना जरूरी: जिला नगर योजनाकार
भिवानी, 08 अक्टूबर। शहरी क्षेत्र बवानी खेड़ा में अवैध कॉलोनियों एवं अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिला नगर योजनाकार विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार जयदीप खरब के नेतृत्व में थाना प्रबंधक बवानी खेड़ा के सहयोग से सफलतापूर्वक अमल में लाई गई।
कार्रवाई के दौरान जिला भिवानी के शहरी क्षेत्र बवानी खेड़ा के मौजा बलियाली में बवानी खेड़ा-बलियाली रोड के पास विकसित की जा रही लगभग चार एकड़ में फैली एक अवैध कॉलोनी में बनाए गए कच्चे रास्ते, पानी की पाइप लाइन तथा प्लॉटों की डिमार्केशन को तोड़ा गया। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी में किए गए विकास कार्यों को हटाते हुए आगे किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं करने की हिदायत दी।
इस दौरान जिला नगर योजनाकार जयदीप खरब ने स्थानीय लोगों को अवैध कॉलोनियों के संबंध में जागरूक करते हुए कहा कि आमजन प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। उन्होंने कहा कि प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी की वैधता तथा विभागीय स्वीकृति की पूरी जानकारी अवश्य लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।