राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सर्वेक्षणों में चयनित परिवार एवं प्रतिष्ठान सही व पूर्ण जानकारी देकर करें सहयोग : उपायुक्त सतबीर सिंह

 
 राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सर्वेक्षणों में चयनित परिवार एवं प्रतिष्ठान सही व पूर्ण जानकारी देकर करें सहयोग : उपायुक्त सतबीर सिंह

नवंबर 2026 के दौरान जिला में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक विषयों पर किए जा रहे हैं सर्वेक्षण

सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़े विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण में निभाते हैं अहम भूमिका

सर्वेक्षण में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं

रोहतक, 3 नवंबर।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला के नागरिकों एवं प्रतिष्ठानों का आह्वान किया है कि वे राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्रीय संकाय भाग (एफओडी) द्वारा किए जा रहे विभिन्न सर्वेक्षणों में सक्रिय सहयोग करें।
सतबीर सिंह ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों द्वारा सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाना बेहद आवश्यक है। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े देश एवं प्रदेश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण, उनके प्रभाव के आकलन तथा सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा वर्ष 1950 से देशभर में परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से विभिन्न सामाजिक-आर्थिक विषयों पर सांख्यिकीय जानकारी एकत्रित की जा रही है। इसी कड़ी में नवंबर 2026 के दौरान एनएसओ, एफओडी द्वारा आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण, स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण, प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण तथा सेवा क्षेत्र में सम्मिलित प्रतिष्ठानों का वार्षिक सर्वेक्षण किया जा रहा है।
सतबीर सिंह ने बताया कि इन सर्वेक्षणों के लिए प्रशिक्षित एनएसओ अधिकारी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों से सुरक्षित डिजिटल उपकरणों और अधिकृत वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्रित करते हैं। सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। किसी भी रिपोर्ट अथवा प्रकाशित आंकड़े में सर्वेक्षण में शामिल परिवारों या प्रतिष्ठानों की व्यक्तिगत पहचान उजागर नहीं की जाती।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े बेहतर नीति निर्माण और प्रभावी विकास योजनाओं का आधार होते हैं। इसलिए सभी चयनित परिवारों एवं प्रतिष्ठानों को सर्वेक्षण अधिकारियों को सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवानी चाहिए और सर्वेक्षण कार्य में पूरा सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से तैयार होने वाला विश्वसनीय सांख्यिकीय आधार देश के समग्र विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।