आधार सेवा केंद्र नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम  : सीटीएम

 
आधार सेवा केंद्र नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम  : सीटीएम

झज्जर, 3 सितंबर। नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यूआईडीएआई रीजनल ऑफिस चंडीगढ़ की पहल पर झज्जर में भगत सिंह चौक के समीप  आधार सेवा केंद्र शुरू किया गया। सीटीएम ऋतु  ने आधार सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। केंद्र पर नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे निर्धारित सरकारी दरों पर उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर सीटीएम ऋतु ने कहा कि आधार सेवा केंद्र नागरिक-केंद्रित शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे लोगों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से प्राप्त हो सकेंगी।
सीटीएम ने कहा कि आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र खुलने के साथ हमारी जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है कि यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक को उसकी जरूरत के अनुसार सेवा अत्यंत आदर, निरंतरता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जाए।
उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सेवा अनुभव को सहज और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सेवा केंद्र लोगों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से खोला गया है और इसके बारे में व्यापक स्तर पर जागरूकता जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक यहां उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठा सकें।
सेवा केंद्र प्रतिनिधि ने बताया कि नया आधार नामांकन निःशुल्क किया जाएगा। वहीं बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये तथा जनसांख्यिकीय विवरण अपडेट के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इससे नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर  यूआईडीएआई के क्षेत्रीय अधिकारी कर्नल हरमीत सिंह कपूर, एएम  बबीता, ऑपरेशन मैनेजर झज्जर सोहित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।