दिल्ली महारैली के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना
सिरसा ।
दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली के लिए रवाना हो गया है। गाड़ियों के काफिले के साथ रवाना हुए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। संतोष बेनीवाल ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक रैली नहीं है, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और हर नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए लड़ा जाने वाला निर्णायक धर्मयुद्ध है। वर्तमान सरकार संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाकर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम कर रही है। देश का किसान, युवा, मजदूर और आम नागरिक इस तानाशाही से परेशान हो चुका है। यह संदेश स्पष्ट हैं कि अब देश का आम नागरिक खामोश नहीं बैठेगा। जब तक लोकतंत्र की रक्षा नहीं हो जाती, हमारी यह लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी। संतोष बेनीवाल ने ये भी कहा कि ये रैली देश के लोकतांत्रिक ढांचे और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए एक निर्णायक मील का पत्थर साबित होगी।
