माता रानी के मंदिर में भव्य भंडारा आयोजित, श्रद्धालुओं को बांटा अनकूट का प्रसाद

 
माता रानी के मंदिर में भव्य भंडारा आयोजित, श्रद्धालुओं को बांटा अनकूट का प्रसाद

माता रानी की कृपा से बालान परिवार की ओर से माता रानी के मंदिर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए कढ़ी, बाजरे की खिचड़ी, मिक्स वेज, हलवा और पूरी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार करवाए गए।

किरण सैनी पत्नी प्रवीण सैनी ने बताया कि उनके परिवार की ओर से करीब 7 वर्ष पहले माता रानी के मंदिर का निर्माण करवाया गया था। मंदिर बनने के बाद से माता रानी की कृपा से लगातार धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक मंदिर में करीब 13 जागरण हो चुके हैं। प्रत्येक नवरात्र में तीसरे दिन जागरण और भंडारे का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस सेवा में पूरे बालान परिवार के साथ-साथ पड़ोसियों का भी विशेष सहयोग रहता है।

प्रवीण सैनी ने बताया कि इस बार भंडारे में करीब 3 क्विंटल कढ़ी, 2 क्विंटल बाजरे की खिचड़ी, 2 क्विंटल मिक्स वेज, 50 किलो आटे की पूरियां और करीब 50 किलो हलवे का प्रसाद तैयार करवाया गया। माता रानी को भोग लगाने के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

उन्होंने बताया कि पिछले 7 वर्षों से परिवार लगातार इस सेवा में जुटा हुआ है। यह सब माता रानी की कृपा से संभव हो रहा है। भंडारे में श्रद्धालु अपने घरों से बर्तन लेकर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। किरण सैनी ने लोगों से अपील की कि प्रसाद को सम्मानपूर्वक ग्रहण करें और जरूरत के अनुसार ही लें, ताकि प्रसाद की बर्बादी न हो। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, सेवा और श्रद्धा का माहौल बना रहा।