चौधरी देवीलाल गौशाला में उमड़ा भक्ति का जनसैलाब, पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने गोवर्धन पूजा व अन्नकूट भंडारे में की शिरकत

 
चौधरी देवीलाल गौशाला में उमड़ा भक्ति का जनसैलाब, पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने गोवर्धन पूजा व अन्नकूट भंडारे में की शिरकत

सिरसा।

चौधरी देवीलाल गौशाला परिसर में आज धार्मिक आस्था, गौ-सेवा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोवर्धन पूजा एवं विशाल अन्नकूट भंडारे के अवसर पर एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान मनीष सिंगला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सिरसा का यह पावन मंदिर अपनी अनूठी धार्मिक विशेषता और भव्यता के लिए पूरे क्षेत्र में श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है। यहाँ भक्तों को एक साथ कई प्रमुख तीर्थों के दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त होता है। इस मौके पर मनीष सिंगला ने कहा कि स्वर्गीय माता श्रीमती सुशीला देवी जी सब देवों के श्री चरणों में विराजमान हैं, जिनकी उपस्थिति संपूर्ण परिसर को वात्सल्य और पवित्रता से भर देती है। इस गौशाला में स्थापित इस पावन मंदिर में सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। गोवर्धन पूजा के इस पावन पर्व पर गौशाला परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गौ-पूजन किया गया। इसके पश्चात विशाल अन्नकूट भंडारे की शुरुआत हुई, जिसमें सिरसा एवं आसपास के क्षेत्रों से आए हज़ारों श्रद्धालुओं ने लाइन में लगकर प्रसाद ग्रहण किया। मुख्य अतिथि प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने भगवान के श्री चरणों में शीश नवाया और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गौ-सेवा ही मानव जीवन का सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। पूरा गौशाला परिसर दिनभर 'जय जगन्नाथ', 'जय श्री श्याम' और 'गौ माता की जय' के जयकारों से गुंजायमान रहा। आयोजकों द्वारा आए हुए सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया सहित गौशाला के सभी सदस्य मौजूद थे।