41 साल पुराने जमीन विवाद में 76 वर्षीय पूर्व सरपंच गिरफ्तार

 
41 साल पुराने जमीन विवाद में 76 वर्षीय पूर्व सरपंच गिरफ्तार

फर्जी राजस्व रिकॉर्ड तैयार करने के आरोप में 2016 में दर्ज हुआ था मामला, अदालत के आदेश पर दोबारा शुरू हुई जांच के बाद कार्रवाई

हिसार, 6 अक्टूबर।

बरवाला क्षेत्र के ढाणी खान बहादुर, ढाणी गारण व ढाणी मिरदाद (संयुक्त पंचायत) में जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के करीब चार दशक पुराने विवाद में पुलिस ने 76 वर्षीय पूर्व सरपंच शिवलाल को गिरफ्तार किया है। वर्ष 2016 में दर्ज मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 8 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जांच अधिकारी एसआई चांदीराम ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई है और जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, मामला शिकायतकर्ता देवी दयाल सिंगला की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि वर्ष 1985 में उसके पिता कुलवंत राय के नाम दर्ज करीब 28 एकड़ जमीन की गिरदावरी को कथित तौर पर पंचायत के नाम कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने तत्कालीन सरपंच शिवलाल समेत अन्य लोगों पर फर्जी राजस्व रिकॉर्ड तैयार करने और जमीन पर कब्जा करने की साजिश का आरोप लगाया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि एसी-2 ग्रेड के 14 अक्टूबर 1985 के कथित आदेश व प्रस्ताव के आधार पर 1985-86 के रोजनामचा की रपट संख्या 49-50 के आधार पर कुलवंत राय के नाम दर्ज गिरदावरी को पंचायत के नाम दुरुस्त किया गया था। हालांकि, जांच के दौरान संबंधित रेजुलेशन और एसी-2 ग्रेड के 14 अक्टूबर 1985 के कथित आदेश का मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला।

मामले में वर्ष 2016 में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने इसे बंद करने की रिपोर्ट तैयार की थी। बाद में जमीन संबंधी दीवानी मुकदमे में शिकायतकर्ता पक्ष के हक में 22 जनवरी 2026 को फैसला आने के बाद मामले में 18 अप्रैल को आगे की जांच के आदेश हुए।

इसके बाद पुलिस ने राजस्व और पंचायत विभाग से संबंधित रिकॉर्ड हासिल किए। पुलिस के अनुसार कुछ रिकॉर्ड अभी हासिल किए जाने हैं और मामले की जांच जारी है। इस मामले में अन्य गिरफ्तारियों की भी संभावना है।