विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मानव श्रृंखला बनाकर दिया विकसित भारत @ 2047 का संदेश
झज्जर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, डीसी वर्षा खांगवाल सहित गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
विद्यार्थियों ने मानव रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति का दिया संदेश
झज्जर, 16 अक्टूबर
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को झज्जर के दिल्ली रोड स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 5100 विद्यार्थियों ने भव्य मानव श्रृंखला बनाकर विकसित भारत @ 2047 के संकल्प को साकार करने का सार्थक संदेश दिया। शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामाजिक एकजुटता, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प प्रदर्शित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, डीसी वर्षा खांगवाल, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, संजय कबलाना, आनंद सागर व मनीष बंसल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सहभागिता की सराहना की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में जिले में अभियान के तहत सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में झज्जर क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अनुशासित ढंग से मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक एकजुटता और राष्ट्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों की भावना को मजबूत करना रहा।
मानव रंगोली के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में मानव रंगोली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के अनुकूल संसाधनों के उपयोग और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। रंगोली में विकसित भारत @ 2047 की परिकल्पना को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया गया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और पारंपरिक कला को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा विभाग ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रतींद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राजबाला मलिक और जिला परियोजना समन्वयक अनिल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न करवाया।
डीईओ ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के विकास में योगदान देने की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक प्रयासों को मजबूती दी जा रही है। कार्यक्रम में मंच संचालन प्रवक्ता संजय शर्मा ने किया जबकि मानव श्रृंखला बनाने में प्रवक्ता कृष्ण वशिष्ठ, एल ए स्कूल के प्रवक्ता मुकेश शर्मा व आईटीआई से नीरज सहगल ने उल्लेखनीय भूमिका अदा की।
इस अवसर पर एल ए सीनियर सेकेंडरी स्कूल झज्जर, संस्कारम पब्लिक स्कूल खातीवास, एच आर ग्रीन फील्ड स्कूल व एस एफ एस स्कूल बिरधाना के विद्यार्थियों की भागीदारी रही।
