शिविर में 41 यूनिट रक्त एकत्रित

 
 शिविर में 41 यूनिट रक्त एकत्रित

सिरसा, 30 अक्टूबर।

जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के सौजन्य से पंजाब नेशनल बैंक सर्कल कार्यालय सिरसा की ओर से पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिरसा में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। शिविर में पीएनबी के मंडल प्रमुख कुलदीप राणा तथा मुख्य अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) संजीव गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर के दौरान कुल 41 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

मंडल प्रमुख कुलदीप राणा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों की सहायता करता है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता की भावना को भी मजबूत बनाता है।
पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक जितेश कंबोज ने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस प्रकार के शिविरों से युवाओं और आमजन को भी रक्तदान के प्रति प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी सिरसा के सहायक सचिव गुरमीत सिंह सैनी, सहायक राहुल अरोड़ा, पवन कुमार, पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से राकेश शर्मा और दलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।