नशे के खिलाफ युवाओं को जोड़ने की पहल, नमो क्रिकेट लीग में 200 टीमें दिखाएंगी दम
सिरसा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही प्रतिष्ठित 'नमो क्रिकेट लीग' का आयोजन सिरसा स्थित जेसीडी विद्यापीठ में भी होने जा रहा है। क्रिकेट को हां नशे को ना स्लोगन के साथ आगामी 19 सितंबर से 23 सितंबर तक चलने वाले इस चैंपियनशिप में करीब 200 टीमों के बीच 188 रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। इस सिलसिले में पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिला कॉर्डिनेटर सुनील बामनिया, गुरजिंदर सूर्या, डॉक्टर चंद्र कंबोज, जिकेश मेहता, सचिन हुड्डा, शाम ढिल्लों, आतिश लाखलान, लखा नगराना, साहिल शर्मा, मनीष शर्मा, आकाशदीप सिंह ने पत्रकारों के साथ चैंपियनशिप की रूपरेखा साझा की।
सुनील बामनिया ने बताया कि मुख्यमंत्री हरियाणा के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के कुशल नेतृत्व में यह विशाल चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे की लत से दूर रखना है। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और खेल संस्कृति की ओर मोड़ना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन का सबसे बड़ा और सार्थक उपहार होगा। इस चैंपियनशिप को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के लिए पूरे उत्तर भारत को 32 जोन में विभाजित किया गया है। सिरसा जोन में होने वाले 188 मैचों के बाद शीर्ष पर रहने वाली विजेता टीम को राज्य स्तरीय मुख्य मुकाबले के लिए पंचकूला भेजा जाएगा, जहां सभी 32 जोन की चैंपियन टीमें आमने-सामने होंगी। सिरसा में प्रथम विजेता टीम को 31 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी, द्वितीय विजेता टीम को 21 हजार रुपए नकद एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद पंचकुला में 3200 टीमों में मैच होगा और फाइनल मैच 32 टीम में होगा। उसमें प्रथम विजेता टीम को 21 लाख रुपए, द्वितीय विजेता टीम को 11 लाख रुपए, तृतीय विजेता टीम को 5 लाख रुपए, चतुर्थ विजेता टीम को 2.5 लाख रूपए देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा ढेरों प्राइस की बरसात होगी। जेसीडी विद्यापीठ के मैदान में मैचों के सफल संचालन के लिए पिच और मैदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसकी रजिस्ट्रेशन तिथि 10 सितंबर रखी गई हैं। 19 सितंबर से शुरू होने वाले मुकाबलों को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और युवाओं में भारी उत्साह है। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और नशे के खिलाफ इस जन-आंदोलन का हिस्सा बनें।
