आईएचएम रोहतक के 14 विद्यार्थियों का टाको बेल में मैनेजर पद पर चयन:- प्राचार्य शंभु नाथ गौतम
रोहतक, 8 अक्टूबर। इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), रोहतक के 14 विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित फूड एवं हॉस्पिटैलिटी ब्रांड टाको बेल में मैनेजर पद पर चयन हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है।
आईएचएम रोहतक के प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनी में मैनेजर पद पर विद्यार्थियों का चयन संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आईएचएम रोहतक में विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंडस्ट्री एक्सपोजर और प्रोफेशनल स्किल्स विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि वे हॉस्पिटैलिटी उद्योग में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें।
संस्थान के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी योग्यता, प्रभावी संचार कौशल तथा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से संबंधित व्यावहारिक समझ का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर टाको बेल द्वारा उनका चयन मैनेजर पद के लिए किया गया है।
प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर मुनेश डाढा ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी तथा टाको बेल कंपनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेंट विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में अपने करियर की मजबूत शुरुआत करने का अवसर प्रदान करते हैं तथा उन्हें उद्योग की कार्यप्रणाली को करीब से समझने में मदद मिलती है। चयनित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए प्राचार्य, शिक्षकों एवं प्लेसमेंट टीम का आभार व्यक्त किया। संस्थान की ओर से सभी चयनित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल करियर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
