एसआईआर नोटिस एवं सुनवाई को लेकर आयोजित शिविर में 1,315 लंबित मामलों की हुई सुनवाई
सिरसा, 8 अक्तूबर। कोई भी योग्य मतदाता न छूटे अभियान के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत जारी नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला सिरसा में वीरवार को लगाए गए विशेष शिविर के दौरान 1,315 लंबित मामलों की सुनवाई की गई।
तहसीलदार हनुमान दास ने बताया कि जिले में कुल 1,72,079 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 17,391 सुनवाई मामले लंबित हैं। कुल लंबित मामलों का प्रतिशत 10.41 प्रतिशत है। निर्वाचन आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, प्रभावी मॉनिटरिंग करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि नोटिस की सुनवाई समय पर पूरी करने के उद्देश्य से 9 अक्तूबर तक ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही घर-घर सर्वे के दौरान उन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जा रहे हैं, जिन्होंने नोटिस प्राप्त होने के बावजूद अभी तक अपने दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं।
उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि जिन मतदाताओं ने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि इससे सभी योग्य मतदाताओं के नाम 6 नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकेंगे।
