हिसार के गांव में लगाए गए 100 पौधे:ग्रामीणों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, सरपंच ने की नियमित देखभाल की अपील
हिसार के सीसवाला गांव में पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव में अलग-अलग तरह के 100 से ज्यादा पौधे लगाए गए। ग्रामीणों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की देखभाल करने की शपथ ली।
गांव की सरपंच बेबी सहारण ने बताया कि गांव को हरा-भरा बनाने के लिए कई जगहों पर पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। सरपंच ने ग्रामीणों से पौधों को नियमित पानी देने और उनकी सुरक्षा में मदद करने की अपील की।
पेड़ हमारे जीवन का आधार : अरुण तिवारी
कार्यक्रम की शुरुआत इंडोवेक्स के रेजिडेंट डायरेक्टर अरुण तिवारी ने मुख्य अतिथि के तौर पर पौधा लगाकर की। उन्होंने कहा कि पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण को संतुलित रखने में इनकी खास भूमिका है। तिवारी ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से निपटने के लिए हर किसी को पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्यावरण बचाना सिर्फ किसी एक संस्था या विभाग का काम नहीं है। इसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। अगर हर कोई कम से कम एक पौधा लगाए और उसके बड़ा होने तक उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण बचाने की दिशा में बड़ा बदलाव आ सकता है।
ग्रामीणों और बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरुकता पैदा करना लक्ष्य
आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का मकसद गांव में पौधों की संख्या बढ़ाना है। साथ ही, ग्रामीणों और बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना भी इसका लक्ष्य है। संस्था के सदस्य लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी भी उठाएंगे, ताकि पौधे सुरक्षित रहें और गांव में हरियाली बढ़े।
इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों, युवाओं और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने पौधों के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। सभी ने गांव को साफ और हरा-भरा बनाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की शपथ ली।
इस मौके पर सुरेश शास्त्री, राजू हुड्डा, राजेश भाकर, संदीप, , रामचंद्र, सुरेश और रामचंद्र हुड्डा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
