कुरुक्षेत्र में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर महिला बच्चों को लेकर हुई फरार
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र में हत्या की वारदात का एक ताजा मामला सामने आया है। यहां बीते एक महीने से लिव-इन में रह रही महिला ने जहर देकर अपने पार्टनर की हत्या कर दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गई। मृतक व्यक्ति की बेटी के बयान पर पुलिस ने हत्या के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक व्यक्ति की पहचान पर मोहन नगर निवासी 46 वर्षीय दुकानदार राम अवतार के रूप में हुई है। मृतक राम अवतार की बेटी ने बताया कि राम अवतार अग्रसेन चौक के पास मनियारी की दुकान चलाता था। उनकी पहली पत्नी की करीब एक साल पहले मौत हो चुकी थी। राम अवतार पिछले एक माह से दिल्ली के नरेला की रहने वाली महिला के साथ लिव-इन में रह रहा था। महिला बेटे और बेटी के साथ उसके घर में रह रही थी। मृतक की बेटी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 20 अप्रैल को आरोपी महिला अपने दोनों बच्चों के साथ उनके घर आई थी। पिता राम अवतार ने परिवार को स्पष्ट बताया था कि उन्होंने खुद महिला को घर बुलाया है और अब वह उनके साथ रहेगी।
महिला के बढ़ते जा रहे थे खर्च
मृतक की बेटी ने बताया कि कुछ दिनों तक तो सब ठीक चला लेकिन बाद में महिला महंगे सामान की मांग करने लगी। परिवार पहले से ही कर्ज में डूबा हुआ था, फिर भी खर्चा बढ़ता गया। शुक्रवार रात को राम अवतार, आरोपी महिला और उसके दोनों बच्चे ऊपर कमरे में थे। अचानक राम अवतार की चीख सुनाई दी। बेटी और अन्य बच्चे ऊपर गए तो महिला ने उन्हें नीचे भेज दिया। जब वे दोबारा ऊपर पहुंचे तो राम अवतार बेड पर पड़ा था। उनके सिर पर चोट व मुंह से सफेद झाग निकल रहा था। परिवार तुरंत उन्हें अस्पताल ले गया, लेकिन जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
