त्यौहारी सीजन पर लगेगा महंगाई का जोरदार झटका, AC, LED सहित अन्य इलेक्ट्रिक चीजों की बढ़ेगी कीमतें

 
 त्यौहारी सीजन पर लगेगा महंगाई का जोरदार झटका, AC, LED सहित अन्य इलेक्ट्रिक चीजों की बढ़ेगी कीमतें

 

चौतरफा महंगाई की मार झेल रहे लोगों को त्यौहारी सीजन पर एक और बड़ा झटका लगने जा रहा है। खबर सामने आ रही है कि AC, एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान 1 अक्तूबर से महंगे होने वाले हैं। इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद कंपनियां कीमतों में 3 से 8% तक बढ़ोतरी की तैयारी में हैं।

एसी के दाम करीब 5 से 8% जबकि कुछ कंपनियां टीवी, वॉशिंग मशीन और फ्रिज के दाम में 4% तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। यह इस साल कीमतों में तीसरी बार बढ़ोतरी होगी। हालांकि, कुछ कंपनियां अभी बाजार की स्थिति का आंकलन कर रही है।

ब्लू स्टार द्वारा कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण AC और डीप फ्रीजर के दाम पहले ही पांच से 8% तक बढ़ाए जा चुके हैं। हायर इंडिया के चेयरमैन एन.एस. सतीश ने बताया कि तांबे का दाम पिछले साल के 8 से 9 हजार डॉलर प्रति टन से बढ़कर करीब साढ़े 14 हजार डॉलर हो गया है। एक एसी में 3 से 4 किलो तांबा लगता हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी स्वाभाविक है। 

त्यौहारी मौसम में ग्राहकों को झटका 

तांबा, एल्यूमिनियम, स्टील और प्लास्टिक जैसे कच्चे माल की कीमतें बढ़ी हैं। माल ढुलाई खर्च भी बढ़ा है। डॉलर मजबूत होने से आयातित सामान की लागत बढ़ी है। एसी में तांबे की खपत अधिक होने के कारण इसकी कीमतों का सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ रहा है। इससे त्योहारी मौसम में ग्राहकों को एसी, टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी।